चंडीगढ़। शहर के सरकारी स्कूलों में सोमवार को 11वीं और 9वीं की कम्पार्टमेंट परीक्षा का आयोजन करवाया गया। इस दौरान कोरोना के चलते लगभग सभी स्कूलों में तीन-चार विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। विद्यार्थियों को शिक्षकों ने फोन करके भी बुलाया, लेकिन उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण होने का डर लग रहा है।
सेक्टर-41 के सरकारी स्कूल के प्रमुख ने बताया कि उनके स्कूल में 15 बच्चे 9वीं की कम्पार्टमेंट परीक्षा देने पहुंचे जबकि 2 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने कई बार विद्यार्थियों को फोन करके बुलाया, लेकिन कोरोना संक्रमण के डर से विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं आए। परीक्षा के समय स्कूलों ने गेट पर शिक्षकों को तैनात किया, जिससे कोरोना दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन हो।