कुराली। कालेवाल के आदर्श स्कूल में स्टाफ की बहाली की मांग को लेकर स्कूल खुलते ही गेट के सामने प्रदर्शन शुरू हो गया। इसमें विद्यार्थी, अभिभावक और स्टाफ शामिल थे। मौके पर पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले को हल करवाते हुए पढ़ाई शुरू करवाई। दरअसल, स्कूल को चलाने वाली कंपनी का ठेका पूरा होने के बाद कंपनी ने स्कूल के स्टाफ को नौकरी से बर्खास्त कर स्कूल को ताला लगा दिया था। इस कारण छात्रों, अध्यापकों और कर्मचारियों का भविष्य खतरे में था। स्कूल खुलते ही शिक्षा विभाग ने पढ़ाई को देखते हुए विभिन्न सरकारी स्कूलों से अध्यापकों का प्रबंध किया था लेकिन इससे पहले ही गेट पर प्रदर्शन शुरू हो गया। किसान नेता रेशम सिंह बडाली सहित अन्य ने कहा कि किसी भी कीमत पर शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को नौकरी नहीं गंवाने देंगे। जिला शिक्षा अफसर गिन्नी दुग्गल, उप जिला शिक्षा अधिकारी अंग्रेज सिंह, ब्लॉक नोडल अधिकारी प्रिंसिपल वंदना पुरी और ब्लॉक प्राइमरी अफसर कमलजीत सिंह सहित शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी को अंदर जाकर पढ़ाई शुरू करवाने की अपील की। इसके बाद अध्यापकों को बिना किसी शर्त के स्कूल में सेवा देने का आश्वासन दिया और पढ़ाई शुरू करवाई। इस दौरान मार्केट कमेटी के चेयरमैन हरीश राणा ने स्कूल की समस्याओं को कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान के ध्यान में लाकर उनको हल करवाने का भरोसा दिया। कालेवाल स्कूल में पहले से ही सेवाएं दे रहे स्टाफ को दोबारा ड्यूटी पर भेजने के बाद ब्लॉक नोडल अधिकारी और सरकारी सीसे स्कूल मुंधो संगतियां की प्रिंसिपल वंदना पुरी को स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
फोटो कैप्शन
कालेवाल आदर्श स्कूल के सामने धरना दे रहे लोगों और बच्चों तथा स्टाफ को संबोधित करती जिला शिक्षा अफसर गिन्नी दुग्गल।