चंडीगढ़। सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर में सोमवार को जनरल हाउस की बैठक में बार एसोसिएशन ने 15 दिनों के लिए हड़ताल टालने का निर्णय लिया है। वकील मंगलवार से काम पर लौटेंगे। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने एडवोकेट नीरज हंस की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 14 अक्तूबर से वर्क सस्पेंड कर रखा है।
बैठक में वकीलों ने इस मामले में दर्ज तीन एफआईआर पर चर्चा की। इसमें बताया गया कि जांच चल रही है। इसमें अधिक समय लग सकता है। जांच में तेजी लाने के लिए बार एसोसिएशन ने एक समिति बनाई है, जो पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय करेगी। बैठक में 5 नवंबर से वकीलों के काम करने पर फैसला लिया गया। जनरल हाउस की अगली बैठक 20 नवंबर होगी। बता दें कि पिछले 22 दिनों से वकीलों के हड़ताल पर होने के चलते कई महत्वपूर्ण केसों की सुनवाई नहीं हो सकी। वर्क सस्पेंड के चलते कोई भी वकील सुनवाई में पेश नहीं हो रहा था। कई वकीलों के सुनवाई पर पेश होने पर बार एसोसिएशन ने 2000 रुपये का चालान भी काटा था।