मोहाली। मुल्लांपुर में ट्रैक्सी ड्राइवर धर्मपाल की हत्या के बाद ट्राइसिटी में टैक्सी चालकों की हड़ताल जारी है। इससे मोहाली के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को टैक्सी ड्राइवर अलग-अलग ग्रुप बनाकर चौकों में खड़े हो गए। इस दौरान टैक्सियों में सवारी दिखने पर उन्हें रोककर उतारा गया। इस कारण लोगों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य गंतव्यों तक पहुंचने में देरी हुई। वह बाइक टैक्सी और ऑटो के जरिए मंजिल पर जाते दिखे।
हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से चौके पर डटे टैक्सी ड्राइवरों के ग्रुप न केवल टैक्सी चलाने वालों को रोक कर उन्हें धमका रहे थे। वहीं, टैक्सी में बैठी सवारी को उतारने के दौरान जब वह विरोध करते तो अपशब्द बोल रहे थे। मोहाली-खरड़ केएफसी ओवरब्रिज के पास टैक्सी ड्राइवर सुबह से ही टैक्सियां रोक रहे थे। इस दौरान एक महिला छोटे बच्चे के साथ टैक्सी में जा रही थी। उसे भी उन्होंने टैक्सी से उतरने को कहा। उसके समझाने पर भी वह नहीं माने और टैक्सी चालक की चाबी निकालकर टैक्सी रोक दी। इसके बाद महिला किसी तरह ऑटो लेकर मंजिल की ओर गई।