चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से वीरवार को शारजाह जाने वाली एक फ्लाइट के टेक ऑफ होने से एक घंटे पहले ही यात्रियों के लिए प्रवेश बंद कर दिया गया। इस कारण कई यात्री अपनी यात्रा शुरू नहीं कर सके। इसकी शिकायत यात्रियों ने सीईओ और एयरपोर्ट अथॉरिटी से की है। हालांकि एयरलाइंस अधिकारियों का कहना है कि चंडीगढ़-शारजाह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन चलती हैं। ऐसे में जो पैसेंजर रह गए हैं उन्हें मंगलवार को भेज सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 3-4 यात्री इंटरनेशनल फ्लाइट में जाने के लिए तकरीबन 4.40 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन इसके बाद उनको अंदर नहीं जाने दिया गया।
कार पंक्चर होने के कारण देरी से पहुंचे यात्री
जिन यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश नहीं करने दिया इनमें राजपुरा निवासी पूजा आनंद ने बताया कि वह घर से काफी पहले निकली थीं। उन्होंने चंडीगढ़ से शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट बुक की थी। लेकिन रास्ते में अचानक कार का टायर पंक्चर होने से पहुंचने में देरी हो गई थी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से शारजाह की फ्लाइट के टेक ऑफ का समय शाम 5.40 बजे का है। लेकिन हम एयरपोर्ट पर शाम 4.40 बजे पहुंच गए थे। इसके बावजूद एयरपोर्ट के अधिकारियों ने हमें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। पूजा आनंद ने बताया कि उन्होंने एयरलाइंस के कई अधिकारियों से बात की, लेकिन किसी ने भी कोई हल नहीं निकाला और घर वापस आना पड़ा। वह शारजाह अपनी बेटी से मिलने जा रही थीं।
इमिग्रेशन विभाग ने बंद कर दिया था सिस्टम
इस मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस के स्टेशन इंचार्ज राजेश ने बताया कि इंटरनेशनल पैसेंजर को कई एजेंसी की चेकिंग से गुजरना पड़ता है। इसलिए टेक ऑफ से दो घंटे पहले पहुंचना पड़ता है। लेकिन यह महिला करीब शाम 4.50 बजे गेट पर पंहुची थी। इस दौरान इमिग्रेशन विभाग ने सिस्टम बंद कर दिया था। इस कारण महिला को बोर्डिंग पास नहीं मिला। हमने महिला से बात की है और शुक्रवार को फ्लाइट फुल है। अगर आप मंगलवार काे जाना चाहें तो टिकट ट्रांसफर कर दी जाएगी। लेकिन वह शुक्रवार की टिकट मांग रही थीं, जबकि फ्लाइट में पहले से ही 186 पैसेंजर की बुकिंग है।
महिला बोर्डिंग पास लेने के लिए देरी से काउंटर पर पंहुचीं थी। इंटरनेशनल फ्लाइट में सफर करने वाले यात्रियों को फ्लाइट टेक ऑफ होने से तीन घंटे पहले और डोमेस्टिक पैसेंजर को फ्लाइट टेक ऑफ होने से दो घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होता है। क्योंकि अंदर चेकिंग और बोर्डिंग पास लेन में समय लगता है। -राकेश आर.सहाय, सीईओ इंटरनेशनल एयरपोर्ट