जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के बारे में एसटीएफ के कई अहम सुराग लगे हैं। पता चला है कि गैंग के सदस्य यूट्यूब से सीखकर हथियार बना रहे हैं। भले ही लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद हो, लेकिन गैंग की कमान संभाल रहे राजू बसौदी और अन्य बदमाशों ने हरियाणा से लेकर दिल्ली, यूपी और अन्य राज्यों में अपने पांव फैलाना शुरू कर दिया है। गिरोह हथियार भी सप्लाई कर रहा है। एसटीफ की जांच में सामने आया है कि यूट्यूब से सीखकर हथियार बनाए जा रहे हैं।
लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह हरियाणा ही नहीं दिल्ली और पंजाब में भी सक्रिय है। गिरोह लूट, हत्या से लेकर डकैती तक की वारदात अंजाम देता है। लॉरेंस की गिरफ्तारी के बाद गिरोह टूट गया था, लेकिन लॉरेंस के राइट हैंड कहे जाने वाले संपत नेहरा ने गिरोह की कमान संभाल ली थी। फिर संपत नेहरा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, तो अब गिरोह को राजू बसौदी चला रहा है।