चंडीगढ़। सिप्प्पी सिद्धू हत्याकांड में शुक्रवार को सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। सीबीआई अदालत में मुख्य आरोपी कल्याणी सिंह की मां हाईकोर्ट की पूर्व जस्टिस सबीना की विशेष सचिव राजकुमारी के बयान दर्ज हुए। अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में उनसे पूछताछ की गई। क्योंकि घटना के समय कल्याणी की ओर से इस्तेमाल किया जा रहा बीएसएनएल का सिम कार्ड विशेष सचिव के नाम पर रजिस्टर्ड था, जोे कि जस्टिस सबीना के कहने पर खरीदा गया था। दरअसल, सिप्पी हत्याकांड में जब सीबीआई ने आरोपी कल्याणी की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली तो वह राजकुमारी निवासी सेक्टर-41 के नाम पर रजिस्टर्ड मिला। सीबीआई ने राजकुमारी को जांच में शामिल किया तो उसने बताया कि सितंबर 2015 में सिप्पी सिद्धू की हत्या के दौरान वह पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की न्यायाधीश सबीना (कल्याणी की मां) की विशेष सचिव के रूप में काम कर रही थी। राजकुमारी हाईकोर्ट की संयुक्त रजिस्ट्रार के पद से सेवानिवृत्त हुईं। राजकुमारी ने अपने बयानों में बताया कि न्यायाधीश सबीना ने उसे वर्ष 2014 में अपने नाम से बीएसएनएल से एक सिम खरीदकर देने के लिए कहा था। वह सिम राजकुमारी ने न्यायाधीश सबीना के निर्देश पर खरीदा था, जो मौजूदा समय में सिप्पी हत्याकांड में आरोपी है। सीबीआई ने सिम कार्ड की कॉल डिटेल निकाली तो पता चला कि सिम कार्ड का इस्तेमाल राजकुमारी ने कभी किया ही नहीं था। पहले दिन से ही इसका इस्तेमाल कल्याणी कर रही थी। बयान दर्ज होने के बाद बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि चूंकि यह कोई सबूत नहीं है, इसलिए महिला राजकुमारी से कोई जिरह नहीं की गई।