चंडीगढ़। स्टेट फुटबाल एसोसिएशन पंचकूला ने चंडीगढ़ फुटबाॅल अकादमी को हराकर एडमिनिस्ट्रेटर चैलेंज कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 (अंडर-17 लड़के) की विजेता ट्राफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबला सेक्टर 42 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेला गया। स्टेट फुटबाल एसोसिएशन पंचकूला ने चंडीगढ़ फुटबाॅल अकादमी को 2-1 से हरा दिया।
विजेता टीम से प्रियांशु ने मैच के 13 वें और वंया ने मैच के 18 वें मिनट में एक-एक गोल दागे। उपविजेता चंडीगढ़ की टीम से हिमज्योति ने मैच के 6 वें मिनट में गोल दागा। डीएएफ पंचकूला के दीनू को मैच के 42वें और 49वें मिनट में दो पीले कार्ड मिलने के बाद मैदान से बाहर भेज दिया गया।
इससे पहले टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए मुकाबला सेक्टर-46 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेला गया। इस मुकाबले में श्री दशमेश फुटबॉल अकादमी 5-2 मिनर्वा फुटबॉल अकादमी हरा दिया।
विजेता टीम से अभिनोया सिंह ने मैच के 17 वें और 86 वें मिनट में दो गोल किए। वहीं मनोजदीप सिंह ने 22 वें मिनट, मान सैनी ने 42 वें मिनट में, तरनवीर सिंह ने मैच के 60 वें मिनट में एक-एक गोल दागा। हारने वाली टीम से एल अमरसन सिंह ने मैच के 37 वें मिनट और डब्ल्यूराज सिंह ने मैच के 68 वें मिनट में गोल दागे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि चंडीगढ़ के यूटी के प्रशासक और पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया थे। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को बधाई दी और उनका मनोबल बढ़ाया, उनके अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। पदक और नकद पुरस्कार वितरित किए।
टूर्नामेंट में पहले स्थान पर आने वाली टीम स्टेट फुटबाल एसोसिएशन पंचकूला को 3,00,000 रुपये का नगद इनाम मिला। दूसरे स्थान पर रही चंडीगढ़ फुटबाॅल अकादमी की टीम को 2,00,000 रुपये इनाम मिला। श्री दशमेश फुटबॉल अकादमी को तीसरे स्थान पर आने पर 1,00,000 रुपये का इनाम मिला। मिनर्वा फुटबॉल अकादमी को चौथे स्थान पर आने के लिए 50,000 रुपये इनाम मिला।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल प्रबंधन पर प्रशासक की सलाहकार परिषद की स्थायी समिति के अध्यक्ष संजय टंडन, खेल सचिव प्ररेणा पुरी, खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा, संयुक्त खेल निदेशक डॉ. महेंद्र सिंह, चंडीगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष केपी सिंह मौजूद रहे।