चंडीगढ़। हरियाणा राजभवन के पास सेक्टर-5/8 की सड़क पर बुधवार सुबह स्कॉर्पियो और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक और एक छात्रा की मौत मौके पर मौत हो गई जबकि चार अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। छात्राएं ऑटो में सवार होकर परीक्षा देने सेक्टर-26 के खालसा कॉलेज जा रही थीं। मृतकों की पहचान चंबा (हिमाचल प्रदेश) निवासी अंजलि व ऑटो चालक राजीव निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने ऑटो के नीचे दबी छात्राओं को बाहर निकालकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो छात्राओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। घायल छात्राओं की पहचान टेसरिंग डिस्किट, अंकिता जसरोटिया, सकर्मा कॉस्निट और स्टैनजिन नोरयांग अंगमो के रूप में हुई है। ये सभी छात्राएं लेह-लद्दाख की बताई जा रही हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
चंबा निवासी अंजलि सेक्टर-26 के खालसा कॉलेज में बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही थी। वह लंबे समय से नयागांव में ही अपनी बहन के साथ किराये के मकान में रह रही थी। बुधवार को उसकी फाइनल परीक्षा का पहला पेपर था। वहीं, खालसा कॉलेज में बीएससी फाइनल ईयर और बीए फाइनल ईयर में पढ़ने वाली लेह-लद्दाख निवासी चार अन्य छात्राएं भी अंजलि के साथ परीक्षा देने के लिए नयागांव से एक ऑटो में सवार होकर सेक्टर-26 के खालसा कॉलेज जा रही थीं।
ऑटो जब हरियाणा राजभवन से कुछ दूर सेक्टर-5/8 की सड़क पर पहुंचा तो अचानक सामने से वाहनों को ओवरटेक करती हुई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी आ गई। स्कॉर्पियो चालक गति को नियंत्रित नहीं कर सका और सीधे ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त होकर पलट गया और चालक समेत पांचों छात्राएं उसके नीजे दब गईं।
मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर कुछ ही मिनट में पुलिस भी मौके पर आ गई और ऑटो में नीचे फंसी छात्राओं को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला। छात्रा अंजलि और ऑटो चालक राजीव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, सभी को जीएमएसएच-16 ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने चालक व एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, घायल चारों छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया लेकिन मल्टीपल फ्रैक्चर व इंजरी के चलते गंभीर हालत को देख दो छात्राओं को पीजीआई रेफर कर दिया गया। अन्य दो घायल जीएमएसएच-16 में ही दाखिल हैं। सूचना पाते ही कॉलेज प्रिंसिपल व स्टाफ के सदस्य अस्पताल पहुंचे। प्रिंसिपल ने बताया कि पांचों छात्राएं बुधवार सुबह फाइनल ईयर की परीक्षा देने के लिए कॉलेज आ रहीं थीं।