फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के चार स्टूडेंट्स की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
पटियाला/चंडीगढ़। परीक्षा खत्म होने की खुशी में शुक्रवार रात डिनर कर कार से लौट रहे राजीव गांधी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, पटियाला के चार स्टूडेंट्स की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गांव बख्शीवाला के नजदीक हुआ। वहीं दूसरी गाड़ी में पीछे आ रहे दो छात्र घायल हुए हैं। मृतकों में लॉ फाइनल ईयर के दो व थर्ड ईयर के दो स्टूडेंट शामिल हैं। मृतकों की पहचान रीत कौर विर्क निवासी चंडीगढ़, ईशान सूद निवासी पंचकूला, कुशाग्र यादव निवासी गुरुग्राम व रिभु सहगल के रूप में हुई है।
चंडीगढ़ की रहने वालीं रीत कौर विर्क रिटायर्ड मेजर आरएस विर्क की बेटी और ईशान सूद चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद के भांजे थे। मृतकों की उम्र 22-23 साल थी। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई व पोस्टमॉर्टम से इन्कार कर दिया, जिसके बाद शवों को परिवारवालों को सौंप दिया गया। वहीं, दोनों घायलों की पहचान अमनदीप कौर व दीक्षांत के रूप में हुई है। ये भी लॉ यूनिवर्सिटी के ही छात्र हैं, दोनों उपचाराधीन हैं।
विज्ञापन

राजीव गांधी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, पटियाला के फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स की परीक्षा शुक्रवार को खत्म हुई थी। इसी खुशी में सभी स्टूडेंट शुक्रवार रात पास के एक होटल में डिनर करने गए। रात करीब ढाई बजे ये स्टूडेंट दो गाड़ियों में सवार होकर लौट रहे थे। यूनिवर्सिटी से कुछ ही दूरी पर स्थित गांव बख्शीवाला के पास भादसों रोड पर इनमें से एंडेवर कार तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित हो गई। चालक कार से संतुलन खो बैठा, जिसके बाद कार एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। ट्रैक्टरों की मदद से एंडेवर कार के बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाकर सभी विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया और उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने कार सवार चारों स्टूडेंट को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे की वजह से पीछे आ रही दूसरी गाड़ी खेतों में पलट गई। इसमें अमनदीप और दीक्षांत सवार थे। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उधर, घटनास्थल पर पहुंचे पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि शराब पीने के बाद तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने की वजह से हादसा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे की हालत में गाड़ी न चलाने की अपील की।

अमेरिका से एलएलएम करना चाहता था ईशान, हादसे से कुछ घंटे पहले हुई थी पिता से बात
पंचकूला। भाजपा नेता अरुण सूद के भांजे ईशान सूद का परिवार पंचकूला के सेक्टर-26 में रहता है। परिजनों ने बताया कि ईशान दो दिन बाद 20 मई को घर आने वाला था। दो भाइयों में छोटा ईशान आगे एलएलएम की पढ़ाई करने के लिए अमेरिका जाना चाहता था। उसने वहां की एक यूनिवर्सिटी में बात भी की थी। एडमिशन लेने के लिए वह अमेरिका जाने की योजना बना रहा था। ईशान के पिता और बड़े भाई बिजनेस करते हैं। मां गृहिणी हैं। परिजनों की मानें तो उन्हें शनिवार सुबह 4.30 बजे हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद उनके यहां लोगों का आनजाना लगा हुआ है। परिजनों ने बताया कि ईशान ने परीक्षा खत्म होने के बाद शुक्रवार रात अपने पिता को फोन कर कहा कि वह दोस्तों के साथ पार्टी के लिए जा रहा है। उस वक्त पिता को यह अंदाजा भी नहीं था कि उनकी बेटे से आखिरी बार बात हो रही है।
विज्ञापन


एक साथ होगा रीत और ईशान का अंतिम संस्कार
ईशान के परिजनों ने बताया कि ईशान और रीत अच्छे दोस्त थे। दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना था। अच्छे पारिवारिक रिश्ते के कारण ईशान और रीत का अंतिम संस्कार एक साथ ही होगा। रीत की बहन कल विदेश से आ रही है। उसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें