जम्मू कश्मीर घाटी में बिगड़े हालात के चलते फंसे अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की मदद करने के लिए रेलवे आगे आया है। दरअसल, रेलवे श्रद्धालुओं को उनके शहरों तक पहुंचाने के लिए जम्मूतवी स्टेशन से लगभग पच्चीस स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है।
रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर से आरपीएफ, ऑपरेटिंग और कामर्शियल विभाग के अधिकारियों की टीम जम्मू के लिए रवाना हो गई है। उधर, रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम अनुज प्रकाश ने स्पेशल ट्रेनें चलाने की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी ट्रेनों की संख्या के बारे उन्हें जानकारी नहीं है। स्पेशल ट्रेन चलाने के आदेश रेल मंत्रालय से आए हैं।
ट्रेनों के साथ अलग से कोच भी लगाए जाएंगे
ट्रेन
- फोटो : File Photo
डीआरएम ने कहा कि उनके अधिकारी गृह मंत्रालय और जम्मू-कश्मीर सरकार के संपर्क में हैं। उनके अधिकारियों की टीम जम्मूतवी रेलवे स्टेशन पहुंच रही है। सोमवार को जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से विभिन्न शहरों को चलने वाली ट्रेनों के साथ अलग से कोच लगाए जा रहे हैं, ताकि शिव भक्तों को ट्रेनों में जगह मिल सके।
मंगलवार से जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेनें विभिन्न शहरों के लिए चलाई जाएगी। रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर आरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम में फंसे श्रद्धालुओं को जम्मू-कश्मीर सरकार लगभग 250 बसें चलाकर श्रद्धालुओं को जम्मू पहुंचा रही हैं।
3200 यात्रियों को हेलीकाप्टर के माध्यम से जम्मू पहुंचाया जाएगा। रेलवे भी अमरनाथ यात्रियों की मद्द के लिए जुट गई है। किसी भी तरह बालटाल, पहलगाम व श्रीनगर में फंसे शिवभक्तों को जम्मू पहुंचाया जा रहा है।