चंद घंटों बाद नए साल का आगाज होगा। नए साल के वेलकम के लिए युवा जोश हाई है। ऐसे में जोश के साथ होश न खोएं। क्योंकि चंडीगढ़ पुलिस ने नए साल के जश्न को लेकर शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चंडीगढ़ पुलिस की खास नजर डिस्को और रेस्टोरेंट पर रहेगी। ज्यादातर फोर्स क्लबों के बाहर तैनात की जाएगी। वहीं, थाना और ट्रैफिक पुलिस बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी करेंगे। क्लबों के बाहर ऑपरेशन सैल की स्पेशल क्यूआरटी टीमें तैनात की जाएंगी। इसके साथ ही चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है।
पुलिस की तरफ से जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी में बताया गया है कि शहर के कई सेक्टरों में रिस्ट्रिक्टेड व्हीकल जोन रहेगा। लोग उन सेक्टरों में वाहन नहीं ले जा सकेंगे। इनमें सेक्टर-7,8 और सेक्टर-9 की अंदरुनी मार्केट्स हैं। इसके अलावा सेक्टर-10 की इनर मार्केट स्माल चौक से मार्केट खत्म होने तक, सेक्टर-10 लेजर वैली के सामने वाली सड़क, सेक्टर-11 की इनर मार्केट, सेक्टर-17 प्लाजा, सेक्टर-22 की अंदर की सभी सड़कें, अरोमा लाइट प्वाइंट से स्माल चौक डिस्पेंसरी तक और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल के आसपास भी वाहनों की एंट्री पर पाबंदी रहेगी। उक्त जगह पर रात 10 से दो बजे तक वाहनों की एंट्री नहीं होगी।
2000 पुलिस जवान तैनात
31 दिसंबर की शाम पांच से रात दो बजे तक पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 2000 पुलिस जवान ड्यूटी पर तैनात होंगे। इनमें 12 डीएसपी, 16 थाना प्रभारी, 32 इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल होंगे। डीजीपी से लेकर एसपी तक नववर्ष की रात को सड़कों पर चेकिंग करेंगे। पुलिसकर्मी क्लबों के अंदर आने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखेंगे।
इन जगहों कड़ा पहरा
पुलिस की तरफ से सेक्टर-7, 26, 35 में पब, बार, प्लाजा, एलांते मॉल, सेक्टर-22 अरोमा, सेक्टर-17, सैक्टर-43 समेत अन्य संवेदनशील जगह पर तैनाती रहेगी। शहर के होटल, क्लब, रेस्टोरेंट, कम्युनिटी सेंटर्स और मार्केट पर भी पुलिस तैनात रहेगी। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल होंगी।
बीते साल मची थी भगदड़
पिछले साल एलांते माल के सामने जश्न मना रहे युवकों के बीच भगदड़ मच गई थी। इसके अलावा सेक्टर-17 प्लाजा में भी जमकर भीड़ होगी।
शहर में लेडी इंस्पेक्टर्स के नेतृत्व में लेडी पुलिस स्क्वायड भी तैनात की जाएगी। नए साल के जश्न के दौरान किसी भी महिला को सहयोग पहुंचाने के लिए टीम तत्पर रहेगी। पीसीआर में महिला पुलिसकर्मी तैनात होगी। रात के समय महिला और युवती को मदद मुहैया करवाई जाएगी। पुलिस जवान घर भी छोड़कर आएंगे।