चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा हरियाणा में नई सरकार के गठन की तैयारियों में जुटी है। वहीं, भाजपा के अंदर ही शक्ति प्रदर्शन भी चल रहा है। एक तरफ मनोहर लाल खेमे के विधायक उनसे दिल्ली में मुलाकात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ दक्षिण हरियाणा के विधायक केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत से रामपुर हाउस में मुलाकात कर रहे हैं। पिछले दो दिन में राव इंद्रजीत से कई विधायक मुलाकात कर चुके हैं। इन मुलाकात को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस बार भाजपा को दक्षिण हरियाणा के इलाके में 29 में से 22 सीटें मिली हैं। इस इलाके से मिली जीत की वजह से हरियाणा में भाजपा का प्रदर्शन रिकॉर्ड तोड़ रहा है। जीतकर आए अधिकतर विधायक राव इंद्रजीत के खेमे के हैं। जीत के बाद राव इंद्रजीत ने यह भी कहा था कि दक्षिण हरियाणा के लोगों ने इस बार तीसरी बार सरकार बनाई है। इसलिए उनका भी ध्यान रखा जाना चाहिए। लोकसभा चुनाव के बाद राव इंद्रजीत कई सार्वजनिक मौकों पर दक्षिण हरियाणा की दावेदारी जता चुके हैं। फिलहाल पार्टी नायब सिंह सैनी को सीएम बनाएगी। इसके बावजूद राव इंद्रजीत की कोशिश रहेगी कि मंत्रिमंडल में दक्षिण हरियाणा को ज्यादा हिस्सा मिले। इस बार उनकी बेटी आरती राव चुनाव जीती हैं। ऐसे में उन्हें भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही दक्षिण हरियाणा के दो और विधायकों को मौका मिला सकता है। इस इलाके से 1967 से अब तक कोई सीएम नहीं बना है। राव इंद्रजीत के समर्थक भी कहते आए हैं कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनाने में दक्षिण हरियाणा का अहम रोल रहा है। ब्यूरो