परिवहन, आवास एवं जेल मंत्री कृष्णलाल पंवार के छोटे बेटे सुनील पंवार की हार्ट फेल होने से मौत हो गई। इससे परिवार समेत पूरे मतलौडा में मातम छा गया। सुनील पंवार की मौत की सूचना पर मतलौडा का सारा बाजार बंद रहा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई मंत्रियों और प्रमुख लोग संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे।
परिवहन, आवास एवं जेल मंत्री कृष्णलाल पंवार के छोटे बेटे सुनील पंवार (34) सोमवार रात को अपने मतलौडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान पर थे। परिजनों के अनुसार वह रात को सामान्य दिनों की तरह अपने कमरे में जाकर सो गए।
मंगलवार अल सुबह करीब तीन बजे उसके खर्राटे बंद हो गए। उनकी पत्नी श्वेता ने उन्हें हिलाया तो वह नहीं उठे। श्वेता ने इसकी जानकारी सास होशियारी देवी और ससुर कृष्णलाल पंवार को दी। वे सुनील पंवार को लेकर पानीपत के एक निजी अस्पताल में पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवहन मंत्री के छोटे बेटे सुनील पंवार की मौत की सूचना मिलते ही भाजपा और आसपास के लोग अल सुबह ही मंत्री के शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि सुनील पंवार को दो बच्चे हैं। एक का नाम निश्चय और दूसरे का नाम लोकी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के सुपुत्र सुनील कुमार की अंत्येष्टि में शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।