चंडीगढ़। पीयू ने एक फरवरी को शोधार्थियों के लिए छात्रावास खोल दिए। पहले दिन 20 से अधिक शोधार्थी पीयू के छात्रावासों में पहुंचे। उन्हें कहा गया कि कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा। वहीं, पेक में भी एमटेक व पीएचडी के कुछ छात्र पहुंचे। हालांकि, कुछ चंडीगढ़ से ही थे, जो आकर चले गए।
पहले दिन दूसरे व तीसरे वर्ष में रिसर्च कर रहे शोधार्थी पहुंचे। इन सभी ने छात्रावास में घुसते ही कोरोना जांच का प्रमाणपत्र दिखाया और परिवार के नंबर भी डायस पर लिखवाए गए ताकि कोई जानकारी परिवार को देनी हुई तो दे दी जाए। इसके अलावा शोधार्थियों से कहा गया कि वह खाने के लिए अपनी टिफिन मेस में रख दें जैसे ही खाना पैक हो जाएगा तो वह आकर अपने रूम में आराम से खा सकेंगे। उनसे कहा गया है कि समूहों में न एकत्रित हुआ जाए। रात आठ बजे के बाद बाहर न जाएं और न बाहरी विद्यार्थियों को बुलाया जाए। यदि कोई बाहरी विद्यार्थी उनके रूम में रहता पाया गया तो जुर्माना डाला जाएगा। कई अन्य गाइड लाइन समझाई गई ताकि विद्यार्थी कोरोना से सुरक्षित रह सकें।