चंडीगढ़। पीयू 20 अप्रैल के बाद अपनी मार्केट की कुछ दुकानें खोल सकता है। इसके अलावा कई अन्य निर्णय भी लिए जा सकते हैं। लॉकडाउन में छूट दी जाएगी तो लोगों की समस्याएं कुछ आसान होंगी। पीयू को केंद्र सरकार की ओर से लॉकडाउन में छूट की गाइड लाइन भेजी हैं। पीयू प्रशासन गाइड लाइन के मुताबिक मंथन करने में जुटा हुआ है।
पीयू में लॉकडाउन के कारण अवकाश चल रहे हैं। विद्यार्थी अपने घरों पर हैं। शिक्षक भी घर पर रहकर ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाने में जुटे हैं। सभी विभागीय कैंटीन, स्टूडेंट सेंटर की दुकानें व मार्केट पूरी तरह बंद है। लोगों को सामान मुहैया कराने के लिए अभी तक होम डिलीवरी हो रही है। सब्जियां आदि भी भेजी जा रही हैं, लेकिन तमाम सामग्री ऐसी है जो लोगों को मिल नहीं रही है। इसके लिए बाजार खुले तो उनकी जरूरतें पूरी हों।
सूत्रों का कहना है कि पीयू प्रशासन के पास बुधवार को गाइड लाइन पहुंच गई हैं। लॉकडाउन में किन-किन चीजों को ध्यान में रखा जाएगा और किनमें रियायत मिलेगी, इसकी सूची तैयार की जा रही है। 20 अप्रैल से पहले पीयू प्रशासन इन सभी कामों की लिस्ट तैयार कर लेगा। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में नहीं बुलाया जाएगा। अधिकांश शिक्षक भी घरों पर रहकर ही कार्य करेंगे। कुछ लोगों को विशेष जरूरत पर कार्यालय में आने की अनुमति हो सकती है। कुछ कार्यालय भी खुल सकते हैं। साथ ही पांच से दस फीसदी स्टाफ को भी आने की अनुमति मिल सकती है। हालांकि फाइनल 20 अप्रैल तक ही पीयू करेगा।