मोहाली। सोहाना से लांडरां रोड तक जाने वाली सड़क की हालत खस्ता होती जा रही है। गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास से गुजरने वाली इस सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। हालात यह है कि रोजाना हादसे हो रहे हैं। आने-जाने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सोहाना के नंबरदार करमजीत सिंह काला ने बताया कि लगातार बारिश से हालात और बिगड़ गए हैं। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे बड़ी गाड़ियों के टायर फंस जाते हैं, वाहन बंद हो जाते हैं। इससे वाहनों को नुकसान भी हो रहा है। गुरुद्वारे में आने वाली संगत को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। नंबरदार ने आरोप लगाया कि सामने होमलैंड की बहुमंजिला इमारत की तरफ जाने वाली सड़क पर तो बार-बार प्रीमिक्स डाला जाता है, लेकिन इस जर्जर सड़क की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो संगत के साथ मिलकर एयरपोर्ट रोड जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा।