काजला खाप ने फैसला किया है कि वह रेप व कन्या भ्रूण हत्या के दोषियों का सामाजिक बहिष्कार करेगी। इसके अलावा ऑनर किलिंग का विरोध और अंतरजातीय विवाह का समर्थन करेगी, ताकि समाज का ताना बाना बना रहे।
वहीं, डीजे पर प्रतिबंध होगा, अगर कोई बजाएगा तो उस पर 11 हजार रुपये जुर्माना ठोका जाएगा। सामाजिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित करने व मृत्यु भोज और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनमत तैयार करने का भी फैसला लिया गया।
ये अहम फैसले रविवार को जाट धर्मशाला में हुए काजला खाप के राष्ट्रीय सम्मेलन में लिए गए। इसमें हरियाणा, यूपी, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली व हिमाचल प्रदेश से सैकड़ों की तादाद में काजला खाप प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सूरजभान काजल ने की। मंच संचालन खाप के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष राजमल काजल ने किया। गांव रायपुर जाटान एवं गांव बिर्चपुर के काजला गौत्र बंधुओं की ओर से आयोजित खाप के इस राष्ट्रीय सम्मेलन में कई घंटे तक सामाजिक समस्याओं पर मंथन हुआ।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि अगर बलात्कार जैसी घटना में काजला गोत्र का कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो खाप उसका सामाजिक बहिष्कार करेगी। इसके अलावा कन्या भ्रूण हत्या करने वाले परिवार का काजला खाप हुक्का पानी बंद करेगी व डीजे के उपयोग पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाएगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए खाप नेताओं ने समाज में व्याप्त कन्या भ्रूण हत्या, उत्सवों पर डीजे का बढ़ता उपयोग, इलेक्ट्रोनिक मीडिया पर दिनोंदिन बढ़ते जा रहे अश्लील विज्ञापनों, बलात्कार जैसी घटनाओं, पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग सहित विभिन्न सामाजिक बुराइयों पर विस्तार से विचार विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।