चंडीगढ़। मेयर अनूप गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की एडवाइजरी फोरम की बैठक हुई। उन्होंने स्मार्ट सिटी की तरफ से चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। मेयर ने हाल ही में बेस्ट यूटी अवार्ड जीतने पर स्मार्ट सिटी की टीम को बधाई दी।स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक एनपी शर्मा ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिंदिता मित्रा की उपस्थिति में मेयर को उन सभी परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी, जो कार्यान्वित की गई हैं और जो कार्यान्वयन चरण में हैं। बताया कि आईसीसीसी की वजह से यातायात नियमों के उल्लंघन में कमी आई है। कार्बन उत्सर्जन में कमी और एडॉप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के माध्यम से ईंधन की बचत और सीसीटीवी निगरानी की मदद से आपराधिक मामलों के समाधान के मामले में लाभ हुआ है।
वहीं, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) की मदद से पिछले 17 महीनों में लगभग 28 लाख यातायात उल्लंघन पकड़े गए और 10 लाख से अधिक चालान जारी किए गए हैं। इससे ट्रैफिक पुलिस द्वारा अपेक्षित राजस्व लगभग 12 करोड़ रुपये है। समीक्षा बैठक के दौरान सार्वजनिक बाइक शेयरिंग, कचरा स्थानांतरण स्टेशन-कम-एमआरएफ, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन वाहन ट्रैकिंग के लिए स्काडा, शिक्षा में स्मार्ट समाधान, तृतीयक उपचार आदि जैसी विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति के बारे में विस्तार से बताया गया।
मेयर ने परियोजनाओं की प्रगति की सराहना की
बैठक के दौरान हाल ही स्मार्ट सिटी द्वारा हासिल किए गए पुरस्कारों की भी मेयर को जानकारी दी गई। बताया गया कि चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी को गवर्नेंस और मोबिलिटी प्रोजेक्ट्स में पहला पुरस्कार, इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड प्रतियोगिता 2022 में स्काडा स्वच्छता श्रेणी के लिए तीसरा पुरस्कार, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स द्वारा आयोजित लर्नथॉन में प्रथम और इंडियन कंक्रीट इंस्टीट्यूट द्वारा आईसीसीसी, पीसीसीसी और एससीएडीए के लिए उत्कृष्ट कंक्रीट संरचना 2023 का पुरस्कार दिया गया। अनूप गुप्ता ने स्मार्ट सिटी द्वारा शुरू की गई परियोजनाओं की प्रगति की सराहना की। बैठक में यूटी प्रशासन के चीफ इंजीनियर और चीफ आर्किटेक्ट के प्रतिनिधि, स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त सीईओ अनिल कुमार गर्ग, आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।