चंडीगढ़। मोहाली के नयागांव स्थित वार्ड नंबर-4 के पार्षद गुरबचन सिंह के बेटे व उसके दोस्त के साथ फरवरी 2024 में कुछ युवकों ने मारपीट की थी। पुलिस को शिकायत देने के कई महीनों बाद भी कार्रवाई ही नहीं हुई। अब पीड़ित पक्ष ने चंडीगढ़ के एसएसपी के सामने पहुंचकर गुहार लगाई तो घटना के करीब छह महीने बाद अब सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी एक्ट 147, 148, 149, 341, 325, 506 के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता गुरबचन सिं ने बताया कि 18 फरवरी 2024 को उनके बेटे मनिंदर सिंह और दोस्त सिमरनप्रीत सिंह चंडीगढ़ से घर लौट रहे थे। जब वे सिटको टावर पार्किंग के पास पहुंचे तो मनिंदर ढिल्लों, जस्सन, औलकश, अक्ष बराड़, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, अर्शदीप सिंह भाऊ, जगन सिद्धू, सोनू पुनिया और अन्य अज्ञात लोगों ने उसके बेटे और उसके दोस्त पर हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
इस मारपीट के दौरान इन दोनों को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते इन्हें जीएमसीएच-32 अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उस समय भी उनके बयान दर्ज कर लिए थे और मारपीट करने वालों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत भी दे दी गई थी। लेकिन इतने महीनों तक पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करने की याद ही नहीं आई। शिकायतकर्ता एसएसपी कार्यालय में पहुंचा और फिर से लिखित शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और सेक्टर-3 थाने में मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।