दिल्ली में बड़ी संख्या में कोरोना के मरीजों के मिलने के बाद अब शहर में दहशत बढ़ती जा रही है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली में तब्लीगी जमात और राजस्थान में आयोजित जलसे में शामिल होकर लौटे परिवारों के 100 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। उधर, स्थानीय अधिकारियों के अनुसार मौलीजागरां और विकास नगर से बुधवार को 5 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजा है।
इसके साथ इनके परिवार को 15 अप्रैल तक होम क्वारंटीन किया गया है। इन लोगों का कहना है कि वह राजस्थान में एक धार्मिक सभा में भाग लेकर लौटे हैं। बता दें कि मंगलवार देर शाम पुलिस को मोहल्ला माता राज कौर में निजामुद्दीन मरकज से कुछ लोगों के वापस आने की सूचना मिली थी।
बुधवार को शहर में कुछ लोगों के बाहर से आने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जसविंदर कौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने इन परिवारों को घर पर रहने के निर्देश दिए। इनमें से एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह जयपुर से वापस आया है, हालांकि वह रास्ते में दिल्ली होकर गए थे।
बुधवार को कोरोना संदिग्ध के परिवार की जांच और उसके मकान में रहने वाले 43 लोगों को 15 अप्रैल तक होम क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौलीजागरां के दो परिवारों के सदस्यों को होम क्वारंटीन करने के साथ दो लोगों का सैंपल लिया है। वहीं, टीम ने विकास नगर के तीन लोगों के सैंपल लेने के बाद परिवार के 29 सदस्यों को 15 अप्रैल तक होम क्वारंटीन किया है। इन सभी का कहना है कि वह सीकर में जमात में गए थे और सोमवार रात को ही चंडीगढ़ आए हैं।