टैगोर थिएटर में आयोजित संगीतमय शाम के दौरान गानो की प्रस्तुति देते मशहूर गायक शैलेन्द्र सिंह।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। मैं शायर तो नहीं मगर ऐ हंसी, जब से देखा मैंने तुझको, मुझको शायरी आ गई... जैसे ही गायक शैलेंद्र सिंह ने टैगोर थिएटर में यह गीत गाया तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। मौका था टैगोर थिएटर में रविवार को वाइब्रेशन म्यूजिकल ग्रुप की ओर से बारहवीं वार्षिक संगीत संध्या का। इस कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि और विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। भारत रत्न लता मंगेशकर को समर्पित यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से किया गया।
बॉलीवुड गायक शैलेंद्र सिंह ने तेरी रब ने बना दी जोड़ी... सहित एक से बढ़कर एक गीत पेश किए गए। उन्होंने जब अपना गाया गीत हमने तुमको देखा, तुमने हमको देखा ऐसे... गाया तो तो दर्शक झूमने लगे। उन्होंने और अन्य गायकों ने गीतों के जरिए मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश के दौर की याद को ताजा कर दिया। इसमें युवा, डॉक्टर, पुलिस व अन्य पेशों से जुड़े लोगों ने अपनी प्रस्तुति दी।
शैलेंद्र सिंह के बाद वान्या और विपिन ने बॉबी फिल्म का गीत झूठ बोले कौवा काटे...पेश कर तालियां बटोरीं। दीपेश राही ने दोस्ती फिल्म का गीत कोई जब राह न पाए... पेश कर खूब वाहवाही लूटी और तालियां बटोरी। पंजाब के वरिष्इ आईपीएस अधिकारी संजीव कालरा ने मेरे सपनों की रानी... गीत पेश किया। हरियाणा राजभवन के कंट्रोलर व डायरेक्टर हॉस्पिटैलिटी जगन बैंस ने मेरे उम्र के नौजवानों, दिल न लगाना ए दीवानो ने... पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। तेरी रब ने बना दी जोड़ी... गीत जब जगन बैंस और वान्या के साथ शैलेंद्र सिंह ने प्रस्तुत किया तो लोग खुशी से झूम उठे। जगन बैंस ने दीपा के साथ एक अन्य गीत हम तुम एक कमरे में बंद हो... पेश कर काफी वाहवाही बटोरी। वाइब्रेशन म्यूजिकल ग्रुप के रहनुमा नरेश जैकब ने मेरा जूता है जापानी... पेश कर काफी तालियां वटोरीं। वान्या की एकल प्रस्तुति मार दिया जाए कि छोड़ दिया जाए... की प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा। इनके अलावा सुनील भट्ट, वैशाली, मंजू, श्रीदीपा, मुकेश राही, सुमन एवं उज्ज्वल ने भी गीत पेश कर दर्शकों का मन मोहा।
गायक शैलेंद्र ने की प्रशंसा...
शैलेंद्र सिंह ने वाइब्रेशन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा आयोजित संगीत संध्या के सभी कलाकारों की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भी काफी अच्छे गीत लिखे जा रहे हैं, लेकिन पुराने दौर के गीत जितनी बार भी सुने जाए, उतने अच्छे लगते हैं।