बुधवार को रॉक गार्डन के बाहर पसरा सन्नाटा। -अमर उजाला
- फोटो : rock garden
चंडीगढ़। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यूटी प्रशासन ने मंगलवार को रॉक गार्डन को बंद करने के आदेश दिए थे। वहीं इसके साथ ही सुखना लेक को शनिवार और रविवार को बंद रखने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
इस आदेश के बाद बुधवार को रॉक गार्डन पर सन्नाटा पसरा नजर आया। वहां एक-दो परिवार ही थे जो बाहर से आए थे। इन्हें रॉक गार्डन के सुरक्षाकर्मी ने वापस भेज दिया। इन लोगों को बताया गया कि आज से रॉक गार्डन को कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते बंद कर दिया गया है। हरियाणा के पानीपत से रॉक गार्डन देखने आए एक परिवार ने बताया कि हमें पता नहीं था कि कोरोना की वजह से रॉक गार्डन को बंद कर दिया गया है। रॉक गार्डन के सुरक्षाकर्मी गेट के दरवाजे पर मौजूद रहे। वहीं रॉक गार्डन का टिकट काउंटर बंद रहा।
नवंबर में खोला गया था रॉक गार्डन
पिछले साल कोरोना की वजह से लगाए लॉकडाउन के चलते रॉक गार्डन को 8 महीने बाद नवंबर में खोला गया था। उस समय प्रशासन की ओर से कड़े इंतजामों के बाद ही दर्शकों को रॉक गार्डन के अंदर एंट्री की अनुमति मिली थी, लेकिन एंट्री के बाद अंदर जाकर लोगों ने चेहरे से मास्क हटा दिए। सामाजिक दूरी का कोई पालन नहीं किया गया था। वहीं प्रशासन के सेल्फी नहीं लेने के आदेशों की भी लोगों ने जमकर धज्जियां उड़ाई थीं। 8 महीने बाद नवंबर में रॉक गार्डन के ख्ुालने के पहले दिन 1600 सैलानी पहुंचे थे जिससे 45 हजार रुपये की कमाई हुई थी।