चंडीगढ़। चंडीगढ़ की स्मार्ट पुलिस एक बार फिर शर्मसार हुई है। पुलिस की ओर से रिश्वत लेने के मामले कम नहीं हो रहे हैं। सीबीआई छोटे मुलाजिम से लेकर बड़े अधिकारियों को लगातार गिरफ्तार कर रही है। अब एक सब इंस्पेक्टर द्वारा एफआईआर दर्ज कराने की मदद में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। मामले में इसकी शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से की गई थी। मामला सामने आने पर इस केस में जांच का जिम्मा एसपी सिटी विनीत कुमार को सौंपा गया। अब रिपोर्ट आने के बाद सब इंस्पेक्टर सेवा सिंह को डीजीपी संजय बेनीवाल के आदेश पर सस्पेंड कर दिया गया। एक शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों को दी शिकायत में बताया कि एफआईआर दर्ज नहीं हो रही थी। आरोप था कि सेवा सिंह ने उसकी मदद करने के एवज में हजारों रुपयों की मांग की थी। उस मामले में सेवा सिंह जांच अधिकारी थे। सूत्रों की मानें तो शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों को इसके सबूत दिए थे। एसपी विनीत कुमार को जांच सौंपी गई थी। एसपी विनीत ने जांच कर रिपोर्ट डीजीपी को सौंपी। उक्त रिपोर्ट के आधार पर डीजीपी ने सेवा सिंह को सस्पेंड करने आदेश दिया था। सूत्रों ने बताया कि जब सेवा सिंह शिकायतकर्ता से रुपये की मांग कर रहा था तब वह आधिकारिक तौर पर पुलिस विभाग से छुट्टी पर था, लेकिन छुट्टी के चलते भी वह रुपये मांगता रहा। मामले में अब उसे सस्पेंड कर दिया गया है।