चंडीगढ़। पीजीआई में शनिवार को एसोसिएशन ऑफ बेसिक मेडिकल साइंटिस्ट्स (एबीएमएस) का चुनाव हुआ। इसमें जैव रसायन विभाग की श्वेता जैन को अध्यक्ष चुना गया है। बता दें कि यह एसोसिएशन संस्थान में रिसर्च स्कॉलर के बेहतरी के लिए कार्य करता है। इसके साथ ही मरीजों की देखभाल के कल्याण और संस्थान के समग्र विकास के लिए सहयोग भी करता है। 11 पदों पर हुए चुनाव में कुल 443 वोट डाले गए, जिसमें श्वेता जैन ने एस रेड्डी को 73 मतों से हराकर जीत दर्ज की। इसके साथ ही उपाध्यक्ष पद पर अजय कुमार, महासचिव पद पर अंकित अरोड़ा, संयुक्त सचिव शिवचरण व शिवानी कवि दयाल, कोषाध्यक्ष स्तुति के प्रभा, साहित्य सचिव जगदीप सिंह, सांस्कृतिक सचिव रूपाली ढींगरा, खेल सचिव अनिकेत कौशल, छात्रावास सचिव इंद्रजीत व गुरकीरत कौर चुनी गईं।