चंडीगढ़। बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और एक दिवसीय शृंखला के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इसमें मोहाली के बल्लेबाज शुभमन गिल और खरड़ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का चयन हुआ है। भारतीय टीम में जगह मिलने पर दोनों खिलाड़ियों के परिवार में खुशी का माहौल है।
शतक का मिला फायदा
इसी महीने चटगांव टेस्ट की दूसरी पारी में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की ओर से खेलते हुए शुभमन गिल ने शतक ठाेंका था। गिल का अपने करिअॅर का यह पहला टेस्ट शतक था। उन्होंने 110 रन बनाए थे। शुभमन के पिता लखविंदर गिल ने कहा कि पहली बार वनडे और टी 20 दोनों में एक साथ बेटे को खेलने का मौका मिलेगा।
लगातार बेहतर खेलने से अनुभव मिलेगा
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह आईपीएल के साथ-साथ अब भारतीय टीम में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। श्रीलंका दौरे पर चुने जाने के बाद उनकी मां बलजीत कौर ने कहा कि बेटे को भारतीय टीम में जुड़ने का फायदा मिल रहा है। इससे उसकी गेंदबाजी में निखार आ रहा है।