चंडीगढ़। श्रवण शर्मा ने दोहरा शतक जमाते हुए नागेश क्रिकेट अकादमी को एसडी अकादमी की टीम पर 235 रनों से धमाकेदार जीत दिलाई। कृष्णा देवी मेमोरियल अंडर-25 क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को मुकाबला आईवीसीए क्रिकेट ग्राउंड पर हुए। पहले खेलते हुए विजेता टीम ने निर्धारित 45 ओवर में 7 विकेट पर 405 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस वर्ष का पहला दोहरा शतक बनाते हुए श्रवण शर्मा ने 112 गेंदों पर 200 रन बनाए। इस पारी में 10 छक्के और 25 चौके शामिल रहे। अन्य खिलाड़ी मनोराच ने शतक जमाते हुए 105 रन बनाए। हशुल ने 47 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में जगजीत सिंह ने 85 रन देकर 6 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडी क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 170 के स्कोर पर सिमट गई। जशनजोत ने टीम के लिए सबसे अधिक 54 रन बनाए। गेंदबाजी में हर्शित सिंह ने 34 रन देकर तीन विकेट, तनमय ने 42 रन देकर तीन विकेट और उदय ने 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
दोहरा शतक जमाने वाले श्रवण शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार से नवाजा गया।