कोरोना वायरस को लेकर लगे लॉकडाउन में मिली ढील के बीच वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल अपने विधानसभा क्षेत्र बठिंडा के बाजारों में जाकर दुकानदारों से मिलकर हाल चाल पूछ रहे थे। इसी दौरान महणा चौक में स्थित एक स्टेशनरी की दुकान वाले ने वित्त मंत्री से सवाल किया तो समर्थकों ने गालियां दी। दुकानदार अनूप गुप्ता का आरोप है कि शुक्रवार को घटना के बाद थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर दविंदर सिंह अपने साथी समेत उसकी दुकान पर आए और केस दर्ज करने की धमकी दी।
दुकानदार अनूप गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर वह जब अपनी दुकान पर बैठा था तो वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल दुकान पर अपने समर्थकों समेत पहुंचे। उसने बताया कि जब वित्त मंत्री ने उसका हालचाल पूछा तो उसने वित्त मंत्री से सवाल कर दिया कि पंजाब सरकार ने कोरोना के इस संकट में लोगों के लिए क्या किया। दुकानदार ने बताया कि उसके सवाल का जवाब देने के बजाय मनप्रीत सिंह बादल यह कहकर चलते बने कि उनसे यहां आकर कोई गलती हो गई। दुकानदार ने बताया कि मनप्रीत बादल इतना कहकर जब जा रहे थे तो उनके साथ आए समर्थकों ने उसे गालियां देना शुरू कर दी।
दुकानदार ने आरोप लगाया कि जब वित्त मंत्री एवं उनके समर्थक चले गए तो तुरंत थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर दविंदर सिंह अपने एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ दुकान पर आए और केस दर्ज करने की धमकी दी। दुकानदार ने बताया कि वह सोमवार को थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर के खिलाफ एसएसपी एवं डीजीपी को शिकायत देंगे।
थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि आप को असली बात नहीं पता आप थाने आ जाएं तो मैं आप को असली बात बता दूंगा। जबकि वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह के रिश्तेदार जयजीत सिंह जोहल ने कहा कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बात की है। लेकिन उस समय ऐसा कुछ नहीं हुआ। जो आरोप समर्थकों पर लगाए जा रहे वह बेबुनियाद हैं।
अकाली दल से बठिंडा शहर के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने कहा कि हर एक नागरिक को सरकार से सवाल करने का हक है। लेकिन अगर सरकार के दम पर आम लोगों के सवाल दबाने के लिए उनको डराया धमकाया जाए तो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अकाली दल हर उस शख्स के साथ है, जिसके साथ सरकार या विधायक ज्यादती करेंगे।