चंडीगढ़। सेक्टर-9 में बीते 2 जून को शराब ठेके पर फायरिंग के मामले में शूटर अमरजीत उर्फ टोपी और देवेंद्र उर्फ चावला का पांच दिन का प्रोडक्शन वारंट खत्म होने के बाद पुलिस शनिवार को जिला अदालत में पेश करेगी।
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने एक शूटर को कुरुक्षेत्र से तो दूसरे को अंबाला जेल से लेकर आई थी। पुलिस पूछताछ के दौरान शूटरों ने फायरिंग में उनका साथ देने वाले तीन अन्य बदमाशों के नाम उगले हैं, जोकि हरियाणा के अलग-अलग शहरों से हैं। हालांकि, पुलिस ने इनके नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। दोनों शूटरों को वारदात के करीब डेढ़ महीने बाद कुरुक्षेत्र की सीआईए टीम ने बीते 19 जुलाई को गिरफ्तार किया था। शूटर टोपी पर पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में करीब 10 मामले, जबकि दविंदर चावला पर 13 मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि 2 जून की रात सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके पर आरोपी ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए थे। वारदात में ठेके पर काम करने वाले राजेश के बाजू में दो गोलियां लगी थीं, जबकि मदन व पवन दुकान में लगा शीशा टूटने से जख्मी हो गए थे। ठेका मालिक राम अवतार बत्रा के रिश्तेदार अंकुर नारंग को गोलियां लगी थीं। पुलिस की जांच में सीसीटीवी मे शूटर दविंदर और टोपी कैद थे। वारदात के बाद से चंडीगढ़ पुलिस और क्राइम ब्रांच इनकी धरपकड़ के लिए पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग ठिकाने पर छापेमारी कर रही थी, लेकिन पुलिस को इनके बारे में कोई सुराग नहीं मिला था। हालांकि, बाद में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होंडा अमेज कार को यमुनानगर जगाधरी से बरामद कर शूटरों की मदद करने वाले आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।