सेक्टर 39 स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करते भक्त।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-28 और सेक्टर 29 में भक्तों को अब भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। दोनों मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जलाभिषेक स्टैंड बनाया गया है, जिसमें जल डालने पर वह सीधे शिवलिंग पर गिरेगा। इससे भक्त अब आसानी से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे। भक्तों की भावनाओं को ध्यान में रखकर मंदिर प्रबंधनों ने यह इंतजाम किया है। सेक्टर-28 मंदिर के पुजारी सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि सनातन धर्म में प्राण प्रतिष्ठा द्वारा मूर्ति स्थापित की जाती है। धर्म परायण व्यक्ति मूर्ति को छूकर व घंटी बजा कर मंदिर आना सार्थक समझते हैं लेकिन कोरोना के चलते यह संभव नहीं। इसलिए फिलहाल जलाभिषेक की प्रक्रिया को वैकल्पिक व्यवस्था रूप से शुरू किया है। वहीं, सेक्टर 29 के सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर के प्रधान विनोद कुमार चड्ढा ने बताया कि कोरोना महामारी में धार्मिक क्रियाओं में भी बदलाव हुआ है। आठ जून को धार्मिक स्थलों के खुलने के बाद लोग काफी मायूस हुए थे। इसका कारण था कि कई मंदिरों में भक्त भगवान शिव पर जल नहीं चढ़ा पाए। कोरोना के कारण मंदिर में स्थित प्रतिमाओं को छूने की मनाही है। इसी कड़ी में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की है।