चंडीगढ़। सेक्टर-22 स्थित शास्त्री बाजार महिलाओं का पसंदीदा बाजार है। यहां दुकानदार यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता: के श्लोक पर विश्वास रखते हुए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि नारी के बिना संसार, परिवार और व्यवसाय तीनों ही अधूरे हैं। ऐसे में महिलाओं की खरीदारी का मुख्य बाजार होने के नाते उन्हें अवसर मिला है कि वह उन्हें बेहतर सामग्री के साथ बेहतर सेवाएं भी प्रदान करें।
1987 में स्थापित शास्त्री मार्केट में 316 दुकानें हैं। इसमें से 60 प्रतिशत में लेडीज गारमेंट, कॉस्मेटिक, होम डेकोर और बच्चों के कपड़ों की दुकानें हैं। दुकानदार दिल्ली, मुंबई, लुधियाना और अन्य बाजारों से माल मंगवाते हैं। वहीं बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं का कहना है कि उन्हें फैशन और ट्रेंड से जुड़े आइटम शास्त्री मार्केट में सबसे पहले उपलब्ध होते हैं।
वहीं खरीदारी के लिए आई सुनीता देवी और शांति गुप्ता ने बताया कि बाजार के दुकानदारों का व्यवहार अच्छा है। एक बार खरीदारी के लिए आने के बाद वे और उनके परिवार कोशिश करता है कि जरूरत की सभी चीज शास्त्री मार्केट से ही ली जाएं। बाजार की खासियत से प्रभावित होकर अंबाला, सोलन, बद्दी, लुधियाना, पिंजौर और कालका से लोग यहां खरीदारी करने के लिए आते हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए यहां में एक दो नहीं बल्कि चार शौचालयों की व्यवस्था है। वहीं मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने पांच वाटर कूलर स्थापित किए हैं।