चंडीगढ़। खाद्य कारोबार और रेस्तरां उद्योग के विस्तार पर चर्चा के लिए तीन दिवसीय ''शैफ़ेक्स इंडिया 2026'' का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक सेक्टर-17 परेड ग्राउंड में किया जा रहा है। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया 19 सितंबर को मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और इस दौरान उद्योग से जुड़े दिग्गजों को सम्मानित भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ''शेफ से सीईओ'' और ''स्वस्थ मिठास के समाधान'' जैसे विषयों पर गंभीर मंथन होगा। दूसरे दिन प्रसिद्ध उद्यमी जोरावर कालरा और जाने-माने शेफ हरपाल सोखी का विशेष संवाद होगा, जिसमें पाक रचनात्मकता और कारोबारी सोच के मेल पर जोर दिया जाएगा। पीएचडी चैंबर के सौरभ मुंजाल और नवीन सेठ ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य पंजाब की समृद्ध खानपान विरासत को आधुनिक तकनीक और उद्यमशीलता से जोड़ना है।