पंचकूला। जिले में वीरवार को कोरोना के सात नए केस मिले हैं। अब जिले में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। सभी संक्रमितों को उनके घरों पर ही आइसोलेट किया गया है। किसी की भी हालत ज्यादा गंभीर नहीं है। पिछले कुछ दिन कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार को 43 सैंपल लिए थे। जिनकी रिपोर्ट वीरवार को आई है। जिला सर्विलांस ऑफिसर डॉ. सुरेश कुमार भौंसले ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कुल 686014 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 48474 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें से 48029 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो गए। वहीं, 421 लोगों की अब तक कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। डॉ. भौंसले ने बताया कि वीरवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 38 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी। उन्होंने लोगों से कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है।