पंचकूला। शहर के साथ लगते बरवाला में उद्योग लगाना अब पहले की अपेक्षा महंगा हो गया है। एचएसआईआईडीसी (हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रीयल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) ने बरवाला में बेस रेट 6700 रुपये प्रति वर्ग मीटर बढ़ा दिया है। बेस रेट को रिजर्व प्राइस भी कहा जा सकता है। बता दें कि जुलाई के अंत तक एचएसआईआईडीसी की ओर से करीब 40 प्लॉटों की नीलामी भी की जानी है। एचएसआईआईडीसी अधिकारियों की मानें तो नीलामी में जो रुपये ज्यादा मिलेंगे उन्हें उद्योगों को और बेहतर सुविधाएं देने के लिए खर्च किया जाएगा। बेहतर सुविधाओं और कनेक्टिविटी के कारण उद्योगपतियों का रुझान बरवाला में नई औद्योगिक इकाइयां लगाने में बढ़ रहा है। एचएसआईआईडीसी की ओर से भी लगातार प्लॉटों की नीलामी यहां पर की जा रही है। फिलहाल भी एचएसआईआईडीसी के पास काफी संख्या में प्लॉट हैं। उद्योगपतियों को लुभाने के लिए एचएसआईआईडीसी की ओर से सुंदरीकरण को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहां पर फल और फूलदार पौधे लगाए जाएंगे।
15500 से बढ़ाकर 22200 रुपये किया
अब तक एचएसआईआईडीसी का बेस रेट 15500 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित था। इसी रेट से प्लॉटों की बोली शुरू होती थी। मगर अब इसे बढ़ाकर 22200 रुपये कर दिया गया है। अब बोली इस नए रेट से शुरू होगी। इससे कॉरपोरेशन को तो मोटा मुनाफा होगा, मगर खरीदारों को प्लॉट पहले से महंगे पड़ेंगे।
महीने के अंत तक बिकेंगे 40 प्लॉट
जिले में औद्योगिक क्षेत्र को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्र की कंपनियां जिले में स्थापित की जा रही हैं। इनमें से पंचकूला में लगने वाली औद्योगिक इकाइयां सबसे ज्यादा हैं। अब एचएसआईआईडीसी की ओर से जुलाई के अंत तक करीब 40 और प्लॉटों की नीलामी की जानी है। इसके लिए तैयारी की जा रही है। इनमें से 15 प्लॉट फार्मा इंडस्ट्री के होंगे जबकि बाकी करीब 25 प्लॉट सामान्य श्रेणी के होंगे। उनमें कोई भी उद्योग लगाया जा सकेगा।
पंचकूला में भीड़-भाड़ के कारण बरवाला जा रहे उद्यमी
जो लोग पंचकूला में उद्योग लगाने की इच्छा रखते हैं, उनमें से ज्यादातर का रुझान बरवाला की तरफ ही रहता है। इसका मुख्य कारण यह है कि शहर के औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 और 2 में काफी भीड़-भड़ाका रहता है। बड़ी गाड़ियों को यहां पर खड़ा करने या मोड़ने में भी परेशानी आती है जबकि बरवाला के औद्योगिक क्षेत्र में 100 फुट तक चौड़ी सड़कें बनाई गई हैं।
वर्जन...
एचएसआईआईडीसी ने बरवाला औद्योगिक क्षेत्र में बेस रेट को बढ़ा दिया है। अब नीलामी में नई दरें लागू रहेंगी।
- भारत भूषण, नोडल ऑफिसर बरवाला, एचएसआईआईडीसी