‘देखिए ये वीडियो, फिर शायद आपको एहसास हो कि अमेरिका में सिखों को किस तरह रोजाना नस्ली टिप्पणियों से दो-चार होना पड़ता है। मैं स्कूल बस में बैठता हूं तो उसमें सवार बाकी विद्यार्थी मुझे देखते ही टेररिस्ट, टेररिस्ट (आतंकी) चिल्लाने लगते हैं। बस में मेरे साथ कोई नहीं बैठता। इस वीडियो के माध्यम से मैं खुद की नहीं, अमेरिका के सभी सिखों की पीड़ा बता रहा हूं।’
अमेरिका के जॉर्जिया स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले हरसुख सिंह ने आपबीती बताते हुए यू-ट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया है। इस वीडियो में हरसुख सिंह स्कूल बस में है और अन्य विद्यार्थी उसे आतंकी कहते हुए चिढ़ा रहे हैं। रविवार को अपलोड किए गए इस वीडियो को सोमवार शाम तक करीब साढ़े चार लाख लोग देख चुके हैं। साथ ही हजारों लोगों ने इसे शर्मनाक बताया है।
वीडियो के अंश
-स्कूल बस में सिख छात्र हरसुख सिंह की सीट के पीछे बैठी एक लड़की उसकी ओर इशारा कर टेररिस्ट, टेररिस्ट चिल्लाती है।
-हरसुख बताता है कि वह रिकॉर्डिंग कर रहा है।
-अन्य छात्र चिल्लाता है- रिकॉर्डिंग करना बंद करो, तुम क्या कोर्ट में जाओगे?
-बाकी छात्र लगातार टेररिस्ट, टेररिस्ट, अफगान टेररिस्ट चिल्लाते रहते हैं।