पंजाब सरकार इसी सप्ताह लॉन्च करेगी आयुष्मान योजना
35 लाख योग्य लोग, 17 हजार लाभार्थियों ने किया पंजीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य व मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना को प्रदेश में इसी सप्ताह लॉन्च करने की तैयारी कर ली है, जिससे राज्य के 70 साल से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त इलाज मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस योजना के लिए योग्य लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है। अब तक 17 हजार वरिष्ठ नागरिकों ने खुद को पंजीकृत किया है। योजना को लॉन्च करने के साथ ही इन लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विभाग का आगे भी पंजीकरण अभियान जारी रहेगा, ताकि अधिकतर लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिल सके। योजना के लिए प्रदेश में 70 वर्ष की आयु व उससे ऊपर के करीब 35 लाख लोग योग्य हैं। विभाग की तरफ से ऐसे सभी लाभार्थियों की पहचान करके उनका पंजीकरण किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने हाल ही में इस योजना का विस्तार किया था, जिसके तहत 70 व इससे ऊपर की आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को इसमें शामिल करने का फैसला लिया था। योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये वार्षिक का मुफ्त बीमा कवरेज दिया जाएगा।
प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों की बीमा कवरेज का प्रतिशत काफी कम है। इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डाटा के अनुसार प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों की कुल जनसंख्या के मुकाबले सिर्फ 4 प्रतिशत का ही बीमा कवरेज है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह इस योजना का उद्घाटन कर सकते हैं। विभाग ने अब तक योजना के तहत जो काम पूरा किया है, उससे उन्हें अवगत करवा दिया है।