अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा के शहरों की बदहाली पर लोकसभा में सरकार को घेरा। सैलजा ने कहा कि शहरों को स्मार्टसिटी और पेरिस जैसा बनाने की घोषणा की गई थी पर आज शहर नरक जैसे हालात में पहुंचा दिए गए है। प्रदेश सरकार हाथ पर हाथ रखे हुए है, जबकि प्रदेश के केंद्र में तीन-तीन मंत्री फिर भी हरियाणा अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा है कि प्रदेश सरकार को नाम बदलने का बड़ा शौक हैं, नए नए नाम रखे जाते हैं पर हालात वहीं के वहीं हैं। अब नाम रखा गया स्मार्ट सिटी फरीदाबाद को देख लो जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई देते हैं। यहीं के सांसद केंद्र में मंत्री है पर उन्हें अपने ही शहर की बदहाली दिखाई नहीं देती। ऐसा ही हाल अंबाला का है। गुरुग्राम जिसे मिलेनियम सिटी कहा गया वहां की बदहाली देख लो, वहां के मंत्री एक साक्षात्कार में गुरुग्राम की बदहाली का रोना रो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आज केंद्र में मंत्री हैं, उनको तो सब दिखाई देता है पर वे चुप्पी साधे हुए है। स्वच्छ भारत को भूल गए, स्वच्छ भारत में गांधीजी की ऐनक को जगह जगह दीवारों पर टांग दिया गया था आज वह भी गायब है।