पंचकूला। हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए चुने गए अभ्यर्थियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। वीरवार सुबह प्रदेश भर से हजारों की संख्या में अभ्यर्थी सेक्टर-5 स्थित धरनास्थल पर एकत्रित हुए। अभ्यर्थियों से बातचीत करने के लिए एचएसएससी के अधिकारी भी पहुंचे थे। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे अभ्यर्थी अपनी ज्वाइनिंग की मांग को लेकर सेक्टर-5 धरनास्थल से प्रदर्शन करते हुए सेक्टर-2 एचएसएससी ऑफिस के सामने से बेला विस्टा चौक पहुंचे। जब अभ्यर्थी चंडीगढ़ सीएम हाउस का घेराव करने के लिए आगे बढ़े तो उन्हें सेक्टर-5 में बैरिकेड कर पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद अभ्यर्थी वापस धरना स्थल पर पहुंचे। इसी दौरान आला अधिकारियों ने अभ्यर्थी के एक डेलिगेशन को सीएम के ओएसडी भारत भूषण भारती से मीटिंग करवाई। इसके बाद डेलिगेशन को आश्वासन दिया गया।
वर्ष 2019 में 5500 पुरुष और 1100 महिला सिपाही की भर्ती के विज्ञापन निकाले गए थे
हरियाणा पुलिस में वर्ष 2019 में 5500 पुरुष और 1100 महिला सिपाही की भर्ती के विज्ञापन निकाले गए। विज्ञापन निकाले जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद इसका रिजल्ट वर्ष 2020 में घोषित कर दिया गया। इसके बाद इसमें कई खामियां और फर्जीवाड़े की बात सामने आई। इस पर हाईकोर्ट की ओर से रोक लगाई गई थी। अभ्यर्थियों की मांग है कि उन्हें जल्द ही नौकरी में ज्वाइन करवाया जाए।