लांडरां/बनूड़। ट्रैफिक पुलिस बनूड़ की ओर से लगाए गए नाके को देखकर दो मोटरसाइकिल चालक लोहे की ग्रिल वाली मोटरसाइकिल को सड़क के बीच में छोड़कर मौके से फरार हो गए। बनूड़ के ट्रैफिक प्रभारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ बनूड़ बैरियर पर नाका लगाया हुआ था। नाके के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच कर चालान किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक, जिन्होंने मोटरसाइकिल पर लोहे की ग्रिल रखी हुई थी। नाके को देखकर मोटरसाइकिल और लोहे की ग्रिल को सड़क के बीच में छोड़कर भाग गए। मोटरसाइकिल में नकली चाबी लगी हुई थी और ऐसा लगता है कि मोटरसाइकिल और लोहे की ग्रिल चोरी की है। ट्रैफिक प्रभारी ने बताया कि इस घटना की जानकारी तुरंत बनूड़ थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर किरपाल सिंह मोही को दी। मोटरसाइकिल व करीब डेढ़ क्विंटल वजनी लोहे की ग्रिल को बनूड़ थाने की पुलिस को सौंपा गया। इस मौके पर यातायात पुलिस ने नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे।