चंडीगढ़। शहर में लगातार होने वाली वीवीआईपी और वीआईपी विजिट एवं शहर और इसके आसपास सीमावर्ती इलाकों में होने वाले विरोध प्रदर्शनों तथा अप्रिय घटनाओं के दौरान बेहतर चौकसी और निगरानी करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस विभाग दो ड्रोन खरीदने जा रहा है। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) के सहयोग से यह ड्रोन तैयार होंगे। वहीं, विभाग ने डीआरडीओ को एक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल व्हीकल भी मुहैया कराने को कहा है। इस विशेष गाड़ी के जरिए ड्रोन कैमरा की पूरी फुटेज तथा इन्हें अच्छे से ऑपरेट किया जा सकेगा। व्हीकल को कहीं भी खड़ा किया जा सकेगा। इस गाड़ी के साथ सीसीटीवी कैमरा, कंट्रोल रूम सेट अप के लिए स्क्रीन, वायरलेस सेट तथा इंटरनेट भी जुड़ा होगा। इससे किसी भी वीआईपी मूवमेंट के दौरान निगरानी करने समेत अप्रिय एवं दंगा ग्रस्त स्थिति से निपटने में आसानी होगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इसके जरिए दूर बैठे ही किसी भी स्थिति को काफी करीब से देखने में आसानी होगी। ऐसे में हालातों का तुरंत जायजा लेकर संबंधित आदेश जारी किए जा सकेंगे और पुलिस की तैनाती की जा सकेगी। आईजी राजकुमार ने बताया कि हाल ही में लगातार बढ़े विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए इस प्रकार की इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल गाड़ी की जरूरत विभाग को महसूस हुई है। हाल ही में चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारियों की इस संबंध में एक बैठक भी की गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह विशेष गाड़ी लगभग 70 से 80 लाख रुपये की लागत से तैयार होगी। जल्द ही यह गाड़ी चंडीगढ़ पुलिस के बाड़े में शामिल हो जाएगी। वहीं, आधुनिक तकनीक से लैस दो ड्रोन करीब आठ लाख रुपये की लागत से तैयार होंगे। फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस के पास सिर्फ एक ही ड्रोन है जो चंडीगढ़ यातायात पुलिस इस्तेमाल कर रही है। अंतिम बार हाल ही में इस ड्रोन का इस्तेमाल बीते 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चंडीगढ़ विजिट के दौरान किया गया था, जब वे पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर चंडीगढ़ आए थे।
पीसीआर गाड़ियां बदलेंगी
चंडीगढ़ पुलिस अपनी पीसीआर गाड़ियों में भी बदलाव करने जा रही है। फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस के पीसीआर बाड़े में 64 अर्टिगा गाड़ियां हैं। जानकारी के मुताबिक एक प्रस्ताव आगे भेजा गया है जिसमें इन आर्टिगा गाड़ियों को इनोवा या फिर सफारी/स्कॉर्पियो गाड़ियों से रिप्लेस करने की मांग रखी गई है। एसपी केतन बंसल ने कहा है कि पुरानी पीसीआर गाड़ियों को बदला जाएगा। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि इनकी जगह कौन सी गाड़ियां ली जाएंगी।
शहर में किसी भी वीवीआईपी विजिट के अलावा तनावग्रस्त स्थिति एवं यातायात से जुड़ी समस्या पर निगरानी के लिए पुलिस विभाग दो ड्रोन और यह विशेष गाड़ी खरीदने जा रहा है। इससे पुलिस तुरंत कार्रवाई करने में और सक्षम होगी।
- राज कुमार, आईजी चंडीगढ़ पुलिस