रविवार सुबह 11 बजे तक बैंक अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि सुनील के साथ बैंक के बक्से में रखे रुपये भी गायब हैं। उन्होंने पुलिस को सिर्फ यही सूचना दी कि उनका एक सुरक्षाकर्मी गायब है। उसके बाद बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो इस वारदात का खुलासा हुआ।
फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह बैंक के अंदर जाता है और अपनी शर्ट में कुछ छिपाकर बाहर ला रहा है। इसके बाद जब बैंक में रखे बक्से की जांच की गई तो पता चला कि उसका ताला कटर से कटा हुआ है और उसमें रखे सारे पैसे गायब हैं।
अधिकारियों ने हिसाब लगाया तो पता चला है कि बक्से में करीब 4.04 करोड़ रुपये थे। रविवार दोपहर तीन बजे सेक्टर 34 थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मोहाली के सोहाना का रहने वाला सुनील पिछले करीब तीन वर्षों से बैंक में निजी सुरक्षा कर्मचारी का काम कर रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, बैंक की इस शाखा में हर वक्त काफी कैश रहता था। यहां से ट्राइसिटी के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व जम्मू स्थित बैंक की शाखाओं में पैसा भेजा जाता है। हालांकि यह भी सवाल उठ रहा है कि आखिर सुनील पंजाब पुलिस के जवानों को कैसे चकमा दे गया।
आरोपी को पकड़ने के लिए टीम जगह-जगह छापामारी कर रही है। उसकी मोबाइल लोकेशन भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा। - श्रुति अरोड़ा, एएसपी साउथ, चंडीगढ़।