चंडीगढ़। सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक से 4.04 करोड़ चोरी के आरोपी सुरक्षा गार्ड को क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को एक दिन के रिमांड के बाद जिला अदालत में पेश किया। जिला अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया। मोरनी के गांव बाबडवाली भोज कुदाना निवासी सुनील कुमार सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक के चेस्ट में बतौर सुरक्षा गार्ड नौकरी करता था। रविवार तड़के पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी गई। पुलिस जांच के बाद सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि सुनील कुमार बैंक से रुपये चुराकर फरार हो गया है। क्राइम ब्रांच ने मंगलवार देर रात सेक्टर-26 के नजदीक शास्त्री नगर से आरोपी को गिरफ्तार कर चार करोड़ तीन लाख 14 हजार रुपये बरामद कर लिए थे। पूछताछ में सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि बैंक से रुपये चुराने के बाद उसने हल्लोमाजरा के जंगल में एक गड्ढा खोदकर चार करोड़ रुपये छुपा दिए थे। बाकी लेकर फरार हो गया।