सेक्टर-7 के मध्य मार्ग पर लगने वाला कार बाजार बंद हो चुका है, बावजूद इसके यहां पर रविवार को डीलर्स ने कारें बेचने का प्रयास किया। निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते के अधिकारियों ने ऐसी चार कारों को जब्त किया है जो यहां पर बेचने के लिए लाई गईं थीं। दस्ते के अनुसार ये कारें डीलर्स ने यहां पार्क की थीं। पिछले सप्ताह भी दो कारें जब्त की गई थीं।
मालूम हो कि नगर निगम ने हल्लोमाजरा में नया कार बाजार बना दिया है, लेकिन कोई आवेदन न आने के कारण नीलामी फेल हो गई है। निगम ने अब 16 फरवरी तक आवेदन मांगे हैं। आवेदन आने के बाद नीलामी की नई तारीख तय की गई जाएगी।
कार डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन कुमार का कहना है कि हल्लोमाजरा में कार बाजार सेफ नहीं होगा। खाली जमीन है और यहां पर मुश्किल से 500 कारों के लिए भी जगह नहीं है। अगर बारिश हो जाए तो खुले में डीलर्स किस तरह से कारोबार करेंगे।
अगली तरफ कार्रवाई तो शोरूमों के पिछली तरफ लगा बाजार
कई डीलर्स ने शोरूमों के पिछली तरफ रिहायशी इलाके के पास कार बाजार लगाया। इससे रेजिडेंट्स में रोष है। सेक्टर-7 सी के मकान नंबर-1661 निवासी अनिल भारद्वाज का कहना है कि रविवार को कारें बिकने के लिए शोरूमों के पिछली तरफ पार्क की गई। अगर निगम ने यहां से कारों न हटाया तो वह अगले रविवार को प्रदर्शन करेंगे। कार डीलर्स का कहना है कि नगर निगम को शोरूमों के पिछली तरफ कार बाजार बनाने की मांग की जाएगी।