थाने के बाहर 24 घंटे पुलिस नाका
सेक्टर-39 थाने के बाहर 24 घंटे नाके लगाकर संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के उच्चाधिकारियों की ओर से एसएचओ चिरंजीलाल को 24 घंटे थाने में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक आतंकियों ने सेक्टर-39 थाने पर ग्रेनेड हमले की योजना बनाई है। थाने की रेकी भी करवाई जा चुकी है। खुफिया एजेंसी के इनपुट के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। चंडीगढ़ में इससे पहले भी ग्रेनेड हमले में हैप्पी पसिया का नाम आ चुका है इसलिए पुलिस पूरी तरह से गंभीरता से ले रही है। हैप्पी पासिया पंजाब में पुलिस थानों पर हमले करवा चुका है।
साउथ एरिया के एक कारोबारी को हैप्पी पसिया की धमकी
खुफिया एजेंसी के इनपुट से पहले आतंकी हरप्रीत उर्फ हैप्पी पासिया ने साउथ इलाके के एक बड़े कारोबारी से रंगदारी की मांग की है। इस मामले की शिकायत कारोबारी ने सेक्टर 39 थाने में दर्ज करवाई है। सूत्रों के मुताबिक कारोबारी को एक इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को हैप्पी पासिया बताते हुए रंगदारी देने की धमकी दी थी। उसने कारोबारी को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे थे। उक्त मामले में पुलिस जांच कर रही है।
चंडीगढ़ में पहली बार आतंकी हैप्पी पसिया के नाम से कॉल कर रंगदारी मांगी गई है। इससे पहले शहर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ही कारोबारियों और शराब ठेकेदारों को रंगदारी के लिए कॉल करता रहा है। हाल ही में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने पंजाब के एजीटीएफ के डीएसपी विक्रम बराड़ को धमकी भरी कॉल की थी। हैप्पी पासिया चंडीगढ़ में पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। रंगदारी मांगने से लेकर ग्रेनेड हमला करवा चुका है।