चंडीगढ़। सेक्टर-30 ए में वर्षों से चली आ रही सीवरेज समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। डिप्टी मेयर तरुणा मेहता ने मंगलवार को सेक्टर-30 ए में नई सीवरेज लाइन डालने के कार्य का शुभारंभ किया। यह सीवरेज लाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी, जिसके चलते इलाके में बार-बार सीवरेज जाम, सड़कों पर गंदा पानी फैलने और बदबू की समस्या बनी रहती थी।
डिप्टी मेयर ने बताया कि यह कार्य परियोजना 2.0 के तहत किया जा रहा है, जिस पर करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत आएगी। नई सीवरेज लाइन बिछने के बाद क्षेत्रवासियों को सीवरेज जाम से स्थायी राहत मिलेगी और सफाई व्यवस्था में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।
डिप्टी मेयर तरुणा मेहता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया और उम्मीद जताई कि नई सीवरेज लाइन से लंबे समय से चली आ रही परेशानी खत्म होगी।