पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के नौ जिलों में आर्ट एंड क्राफ्ट्स रूम बनाने में लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. तेजिंदर कौर धालीवाल ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में बोर्ड के सचिव कम चीफ इंजीनियर गुरिंदरपाल सिंह बाठ समेत तीन अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से मुअत्तल कर दिया है। इसमें एसडीओ सिविल रणजीत सिंह व एसडीओ इलेक्ट्रिकल मान सिंह शामिल हैं। इनके अलावा कांट्रैक्ट पर काम कर रहे जेई सिविल यशपाल व सिमरनजीत सिंह जेई इलेक्ट्रिकल की सेवाओं को खत्म कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक डायरेक्टर जनरल स्कूल एजुकेशन की तरफ से राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत राज्य के नौ जिलों में एक-एक आर्ट एंड क्राफ्ट रूम बनाने का फैसला लिया गया था। इसके लिए बोर्ड के इंजीनियरिंग विभाग को डिपाजिट वर्क के आधार पर काम सौंपा गया था। जब काम पूरा नहीं हुआ तो विभाग की तरफ से इसकी जांच करवाई गई। इसमें कई तरह की वित्तीय व प्रबंधकीय कमियां सामने आईं। विभाग की तरफ से इस संबंध में रिपोर्ट बोर्ड को भेजी गई।
बोर्ड में इस पर मंथन हुआ। इसके बाद बोर्ड ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से मुअत्तल करने का फैसला लिया है। वहीं, बोर्ड ने साफ किया है कि इस दौरान हेड क्वार्टर में अपनी रिपोर्ट करेंगे। इस दौरान उन्हें मात्र गुजारा भत्ते की अदायगी की जाएगी। वहीं, जब गुरिंदरपाल सिंह बाठ से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि जब आदेश जारी हुए तो वह छुट्टी पर थे। जिस प्रोजेक्ट में कमियों के कारण सस्पेंड किया गया, उसमें मैंने सिर्फ तीन महीने ही काम किया था।
यह था मामला
जानकारी के मुताबिक मामला 2013 का है। प्रोजेक्ट के तहत 454 कमरे बनने थे। प्रत्येक के लिए पांच लाख की ग्रांट थी। शिक्षा विभाग ने 20.70 करोड़ की ग्रांट इसके लिए जारी की थी। उस समय बाठ पंजाब बोर्ड में एक्सईएन के पद पर थे। इस दौरान पता चला था कि कमरों के निर्माण में कई तरह की कमियां सामने आई। कई जगह तो कमरे बने ही नहीं। सूत्रों से पता चला है कि बाठ ने करोड़ों की अदायगी कांट्रैक्टर को कर दी थी। अदायगी पर्सनल एकाउंट से हुई थी।