चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में फायरिंग मामले में पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी दिलप्रीत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सेक्टर-24 स्थित एक होटल में ठहरे जसप्रीत उर्फ जस्सी और उसके साथियों को पिस्टल उपलब्ध करवाई थी जिसका इस्तेमाल फायरिंग में किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दिलप्रीत सेक्टर-24 में पिस्टल देकर भाग गया था। जिला क्राइम सेल की टीम ने डीडीआर के आधार पर सेक्टर-11 थाना पुलिस के साथ मिलकर उसे गिरफ्तार किया। एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। डबवाली का काली, अमृतसर के गोला और कुद्दा अभी फरार हैं। काली पंजाब पुलिस का वांछित आरोपी है। पुलिस टीमें पंजाब में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इससे पहले 26 मार्च को चंडीगढ़ पुलिस, जिला क्राइम सेल, सेक्टर-11 थाना और एजीटीएफ पंजाब के संयुक्त ऑपरेशन में जसप्रीत उर्फ जस्सी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। फतेहगढ़ निवासी जस्सी के पैर में गोली लगी थी। पूछताछ में सामने आया कि डोनी बल के करीबी शगनप्रीत के कहने पर आरोपियों ने सेक्टर-26 स्थित एक क्लब संचालक की रेकी की थी। रंगदारी के इरादे से फायरिंग की योजना बनाई गई थी, जिसके तहत तीन दिन तक पंचकूला और सेक्टर-26 में रेकी की गई।