पंचकूला। एक महिला को ऑनलाइन कोरियर कंपनी का नंबर सर्च करना भारी पड़ गया। आरोपी ने महिला को लिंक भेजकर खाते से 2.52 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-11 निवासी महिला ने दी शिकायत में बताया कि 18 मार्च को उनके पास ऑनलाइन ऑर्डर किए हुए कपड़े आने थे। कपड़े समय पर नहीं पहुंचे। उन्होंने ऑनलाइन कोरियर कंपनी का नंबर सर्च किया। उन्हेंं एक नंबर मिला। कॉल करने पर व्यक्ति ने अपने आप को कोरियर कंपनी के हेड ऑफिस से बताया और कहा कि आपका पता वेरिफाई नहीं है। इस कारण आपके पास आपका कोरियर नहीं पहुंचा है। इसके बाद उनके पास व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया कि आपको अपना पता वेरिफाई करने के लिए दो रुपये ऑनलाइन पे करने हैं। आरोपी ने उन्हें एक लिंक भी भेजा। आरोपी ने उन्हें लिंक पर क्लिक करके दो रुपये पे करने को कहा। उन्होंने लिंक पर क्लिक करके सारी जानकारी भर दी दो रुपये पे कर दिए। उसके अगले दिन उनके पास कोरियर से कपड़े आ गए। 24 मार्च को उन्होंने बैंक खाते को चेक किया तो उनके खाते से 252787 रुपये कम मिले। उसके बाद उन्हें पता चला कि उन्हें कोरियर भेजने के नाम पर पैसे ठग गए हैं।