चंडीगढ़ सेक्टर-47 में एसबीआई के एटीएम को तोड़कर लूट की कोशिश करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान रामदरबार फेज-1 निवासी शेजाद (29) और रामदरबार फेज-2 निवासी प्रदीप (27) के रूप में हुई है। सेक्टर-31 थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने और कहां-कहां लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को वारदात के तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया था।
सेक्टर-32 स्थित एसबीआई के शाखा प्रबंधक नील मनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जुलाई की रात सेक्टर-47 स्थित एसबीआई की एटीएम की चेस्ट डोर को तोड़कर लूट की कोशिश की गई है। सीसीटीवी में कैद आरोपियों ने कपड़े से मुंह ढके हुए थे और बारी-बारी से लोहे की रॉड से चेस्ट डोर को तोड़ा और रुपये निकालने की कोशिश की। हालांकि उसी दौरान सायरन बज गया और आरोपी भाग निकले। दोनों आरोपी लूट करने में नाकामयाब रहे। एटीएम में उस समय 26 लाख रुपये पड़े थे।
शुक्रवार को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। सेक्टर-31 थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों का सुराग जुटाया। आरोपी शेजाद के बारे में गुप्त सूचना मिली तो तुरंत पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने शेजाद को रामदरबार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को शेजाद को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने अपने साथी प्रदीप के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने प्रदीप को रामदरबार से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी शेजाद का दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी प्रदीप को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की जा रही है कि आरोपियों और कहां कहां वारदातों को अंजाम दिया है। - रणजीत सिंह, सेक्टर-31 थाना प्रभारी