आप के सांसद ने राज्यसभा में उठाया हरियाणा में बेरोजगारी का मुद्दा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने हरियाणा में बेरोजगारी के मुद्दे को राज्यसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सरकार नौजवानों को इस्राइल भेज रही है। छाती ठोक कर मुख्यमंत्री बोलते हैं कि हमने युवाओं को रोजगार के लिए इस्राइल भेजा है। इस्राइल आज जंग का मैदान बना हुआ है। कौन मां-बाप अपने बच्चों को युद्ध के मैदान में भेजेगा? सरकार ने प्रदेश के युवाओं को इस कद्र मजबूर कर दिया कि वे यहां भूखे मरने के बजाय इस्राइल में मौत के साए में काम करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में रोजगार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होगी, तभी युवा दूसरे देश में जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चुनौती देते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं के लिए प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएं। कहा कि पूरे हरियाणा की राजनीति ही भ्रष्टाचार से लिप्त है। भ्रष्ट तंत्र से प्रदेश की व्यवस्था ही खराब हो चुकी है।